95-95-95 लक्ष्य की दिशा में प्रयासों के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने किया सम्मानित, जिले में जांच, परामर्श और उपचार की नि:शुल्क सुविधा
कोरबा। एड्स की रोकथाम, जागरूकता और नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए कोरबा जिले को राज्यस्तरीय सम्मान मिला है। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. रविकांत सिंह राठौर को सम्मानित किया। राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित 95-95-95 लक्ष्यों की दिशा में जिले के प्रयासों को देखते हुए स्मृति-चिह्न प्रदान किया गया।
28 नवंबर को मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जिले की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। सीएमएचओ डॉ. एसएन केशरी के नेतृत्व में जिला एड्स नियंत्रण समिति और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जांच, परामर्श और उपचार सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही हैं।
जिले में 7 आईसीटीसी केंद्र, जांच और उपचार नि:शुल्क
कोरबा जिले में सात आईसीटीसी (एकीकृत परामर्श एवं जांच केंद्र) संचालित हैं। इसके अलावा एआरटी सेंटर, ओएसटी सेंटर और एसटीडी क्लीनिक के माध्यम से भी संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन केंद्रों में एचआईवी, सिफीलिस सहित संबंधित जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं।
जिले में एड्स नियंत्रण और रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता गतिविधियों के साथ जांच एवं उपचार सेवाओं को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्यस्तरीय सम्मान इन प्रयासों को मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
