ऑनलाइन सट्टा खेलते आदतन सटोरिया निक्की गिरफ्तार,मोबाइल और नकदी जब्त

कोरबा। मोबाइल पर ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने आदतन सटोरिया मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की को गिरफ्तार किया है। पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे दबिश देकर पुलिस ने उसे पकड़ा। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा साइटों से जुड़ी जानकारी और सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। वहीं, आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टे के लिए लाखों रुपये के यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।

कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे मोह. इसाक कुरैशी मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।

मोबाइल की जांच में श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण नामक ऑनलाइन सट्टा साइटों से संबंधित जानकारी और विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, सट्टा-पट्टी और नगद रकम जब्त की है। फोन-पे नंबर से लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

गिरफ्तार आरोपी मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43), पिता स्व. ईस्माइल कुरैशी, निवासी वार्ड क्रमांक 6, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, कोरबा है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 में कार्रवाई की गई है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल 112 पर देने की अपील की है।