कोरबा।स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में चयनित संविदा शिक्षकों की पदस्थापना प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी की गई। कलेक्ट्रेट के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित काउंसलिंग के दौरान 71 अभ्यर्थियों ने उपस्थित होकर अपनी पसंद के पदस्थापना स्थल का चयन किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपस्थित सभी 71 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि राज्य कार्यालय से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में संविदा शिक्षकों की भर्ती के लिए 82 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी। इन अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन 25 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया।
सत्यापन के लिए 76 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 6 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थित अभ्यर्थियों में 74 पात्र पाए गए और 2 अभ्यर्थियों को अपात्र घोषित किया गया।
पात्र अभ्यर्थियों के पदस्थापना स्थल चयन के लिए शुक्रवार को काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें 74 पात्र अभ्यर्थियों में से 71 उपस्थित हुए।
काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों ने क्रमवार रिक्त पदों के अनुसार अपने पसंदीदा स्कूल और पदस्थापना स्थल का चयन किया। वहीं काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे तीन पात्र अभ्यर्थियों के लिए शेष रिक्त पदों में से लॉटरी के माध्यम से पदस्थापना स्थल निर्धारित कर उनके नाम से भी नियुक्ति आदेश तैयार किए गए।
प्रक्रिया के अंत में उपस्थित सभी 71 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए गए। इस दौरान संबंधित शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक एसआर यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
