कलेक्टोरेट से घंटाघर तक निकली जागरूकता रैली, बच्चों के अधिकार और सामाजिक कुरीति के उन्मूलन का दिया संदेश
कोरबा।बाल विवाह के कलंक को मिटाने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ शुक्रवार को कोरबा में 500 से अधिक लोग जागरूकता रैली में शामिल हुए। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला समूहों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली के साथ सामूहिक शपथ के जरिए बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया।
भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 27 नवंबर को बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन और हार्ड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने बाल विवाह के सामाजिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इस कुरीति के उन्मूलन के लिए परिवार, समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी बताई।
इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त कोरबा अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र के संकाय सदस्य लक्ष्मीकांत साहू, ग्राम पंचायत कोलगा की पंचायत सचिव सूरज कुमारी और एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा शहरी की सेक्टर पर्यवेक्षक स्वाति राठौर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों ने बाल विवाह रोकने, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डिम्पल भेड़िया और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर से शुरू होकर कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक निहारिका होते हुए घंटाघर स्थित ओपन थिएटर ऑडिटोरियम पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूक और सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य माया रूपेश कंवर, नगर निगम के रामेश्वर कंवर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेंद्र देव सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट नीलू पटेल, नीति आयोग के प्रतिनिधि, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव, स्रोत संस्था के संचालक डिक्शन मसीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, सेक्टर पर्यवेक्षकों और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
