कोरबा। राखड़ परिवहन के दस्तावेजों में अनुमति प्राप्त स्थल तक राखड़ पहुंचाने का दावा, लेकिन मौके पर भराव नहीं मिलने के मामले में पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में अनियमितता सामने आने पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कार्यालय को प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जिला परिवहन अधिकारी और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने सीएसईबी के गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डेम से राखड़ परिवहन के संबंध में जांच की।

जांच के दौरान ग्राम बोईदा में राखड़ भराव के लिए अनुमति प्राप्त स्थल पर वास्तविक भराव नहीं पाया गया। संयंत्र की ओर से दी गई जानकारी में ऐश डाइक से ग्राम बोईदा स्थित अनुमति प्राप्त स्थल तक कुल 43 ट्रिप राखड़ परिवहन किए जाने का उल्लेख था, लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान राखड़ भराव की पुष्टि नहीं हुई। इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए 1277 टन राखड़ की मात्रा के आधार पर विद्युत संयंत्र पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई है।
अवैध डंपिंग पर निगरानी, कार्रवाई जारी
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने बताया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की रोकथाम के लिए क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। अवैध रूप से राखड़ परिवहन एवं डंपिंग करने वाले वाहनों को पकड़ने की कार्रवाई भी जारी है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
