बच्चों की सुरक्षा, उज्जवल भविष्य और जागरूकता का संदेश-कोरबा में सुरक्षित बचपन की पहल

कोरबा। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और जागरूकता को लेकर कोरबा में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) सीमा प्रताप चन्द्रा ने सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल (सीएसईबी), कोरबा में विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में आयोजित अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के प्रथम चरण के तहत विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

न्यायाधीश सीमा प्रताप चन्द्रा ने बच्चों को समझाया कि सुरक्षा के मामले में केवल अनजान लोगों ही नहीं, बल्कि परिचितों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों के प्रति भी सतर्क रहना जरूरी है। किसी व्यक्ति के लालच, प्रलोभन या बहकावे में आकर उसके साथ कहीं नहीं जाना चाहिए। यदि किसी परिस्थिति में असहजता या संदेह महसूस हो, तो तत्काल माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सतर्कता ही संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार है।

उन्होंने विद्यार्थियों को पारिवारिक संबंधों और भावनात्मक परिस्थितियों को लेकर भी समझाइश दी। कहा कि माता-पिता की डांट कई बार चिंता, स्नेह और बच्चों के बेहतर भविष्य की भावना से जुड़ी होती है। किसी बात से निराश होकर गलत कदम उठाने के बजाय धैर्य और साहस से परिस्थितियों का सामना करना चाहिए। जीवन अनमोल है और हर समस्या का समाधान संवाद से तलाशा जा सकता है।

किशोरावस्था को जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए उन्होंने कहा कि 16-17 वर्ष की उम्र में भावनात्मक फैसलों और प्रेम प्रसंगों के चलते घर से चले जाने जैसी घटनाएं कई बार कानूनी उलझनों और आपराधिक मामलों का कारण बन सकती हैं। इस उम्र में शिक्षा, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य निर्माण को प्राथमिकता देना जरूरी है। भावनाओं में बहकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो।

अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि कोरबा जिले में बच्चों से संबंधित अथवा पॉक्सो अधिनियम के तहत किसी भी अप्रिय घटना की नौबत न आए और प्रत्येक बच्चा सुरक्षित वातावरण में अपने भविष्य का निर्माण कर सके।