कोरबा। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए 4 दिसंबर को कोरबा में संभाग स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से लाइवलीहुड कॉलेज कोरबा में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित मेले में 19 नियोजक विभिन्न पदों के लिए भर्ती करेंगे। इसमें कुल 1355 पदों पर चयन की प्रक्रिया होगी।
रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं पास, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, बीएससी एग्रीकल्चर, नर्सिंग, एमबीए, एएनएम और जीएनएम योग्यता वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के लिए आयुसीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। नियोजकों की ओर से पद के अनुसार 8 हजार से 40 हजार रुपए तक वेतन दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थी भी मेले में शामिल हो सकती हैं।
मेले में सेफ्टी ऑफिसर, सुपरवाइजर, हेल्पर, ड्राइवर, सर्विस इंजीनियर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, सिलाई मशीन ऑपरेटर, कस्टमर सर्विस रिप्रेजेंटेटिव, वेल्डर, सीएनसी टर्निंग मशीन ऑपरेटर, कटर मशीन ऑपरेटर, फिटर, काउंसलर, टेलीकॉलर, एचआर एवं प्लेसमेंट मैनेजर, ऑफिस अटेंडेंट, फर्स्ट एड ट्रेनर, सिक्योरिटी गार्ड, केयर टेकर, असिस्टेंट नर्स, बेबी सिटर, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, एग्रीकल्चर एवं सेल्स ऑफिसर, रिसेप्शनिस्ट, स्टोर मैनेजर, अकाउंटेंट, वीडियो एडिटर, सर्विस सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर, होटल मैनेजर, सोलर पीवी इंस्टॉलर, बीमा सखी, रिलेशनशिप मैनेजर सहित कई पदों पर भर्ती होगी।
ऑनलाइन आवेदन और रोजगार पंजीयन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। इच्छुक आवेदकों को वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से पंजीयन कर संबंधित रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिनका रोजगार पंजीयन नहीं है, वे वेबसाइट के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं।
अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, रोजगार पंजीयन, अनुभव प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले से संबंधित जानकारी वेबसाइट और छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कोरबा के दूरभाष नंबर 07759-222069 पर संपर्क किया जा सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
