छत्तीसगढ़ में 80% स्मार्ट मीटर लगे, देश में चौथा स्थान; मॉडल देखने पहुंचे दूसरे राज्यों के अधिकारी

रायपुर।छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर स्थापना का काम 80% पूरा हो चुका है। इस प्रगति और उपभोक्ताओं को मिल रही डिजिटल सुविधाओं का मॉडल देखने देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधि प्रदेश पहुंचे हैं। ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) के महानिदेशक आलोक कुमार ने स्मार्ट मीटर के क्रियान्वयन और मोर बिजली एप की सुविधाओं को दूसरे राज्यों के लिए भी उपयोगी बताया।

डंगनिया स्थित पावर कंपनियों के मुख्यालय सेवा भवन में आयोजित नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम में आलोक कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप उपभोक्ताओं को बिजली खपत समझने और नियंत्रित करने में मदद कर रहे हैं। एप में उपलब्ध खपत पूर्वानुमान, ग्राफ आधारित विश्लेषण, रियल टाइम अपडेट और तुलनात्मक आंकड़े उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी हैं। इन सुविधाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दूसरे राज्यों की वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि प्रदेश में करीब 66 लाख बिजली उपभोक्ता और लगभग 8 लाख कृषि पंप कनेक्शन हैं। आठ रीजन में विभाजित प्रदेश में करीब 80% स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर है। शेष मीटर मार्च 2027 तक लगाने का लक्ष्य है। रायपुर में घरेलू स्मार्ट मीटर स्थापना 98% पूरी हो चुकी है, जबकि फीडर मीटरिंग का काम शत-प्रतिशत पूरा हो गया है। दो लाख डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 65% काम पूरा हुआ है।

एप में 36 सुविधाएं, दो साल का बिल रिकॉर्ड भी
एमडी कंवर ने बताया कि बेहतर समन्वय, निगरानी और टीमवर्क से स्मार्ट मीटर स्थापना में तेजी आई है। मोर बिजली एप में 36 सुविधाएं उपलब्ध हैं। उपभोक्ता शिकायत दर्ज करने, निराकरण की स्थिति देखने, बिल भुगतान करने और पिछले दो वर्षों की बिजली खपत व भुगतान का विवरण प्राप्त कर सकते हैं। स्मार्ट मीटर को लेकर फैले भ्रम के बीच उपभोक्ताओं से संवाद कर समस्याओं का समाधान किया गया।

कार्यपालक निदेशक (ओ एंड एम) संजय खंडेलवाल ने बताया कि प्रदेश के 55.43 लाख घरेलू कनेक्शनों में से 44.22 लाख में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 90% सरकारी कार्यालयों, 76% वाणिज्यिक और 58% औद्योगिक कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए हैं। नई तकनीक को अपनाने में उपभोक्ताओं की स्वीकार्यता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यपालक निदेशक (ईआईटीसी) ए.एम. परियल ने बताया कि मोर बिजली एप का खपत पूर्वानुमान फीचर उपभोक्ताओं को आगामी बिल का अनुमान लगाने और खपत प्रबंधन में मदद करता है। प्रकाश एप अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड अमले के लिए उपयोगी है। सहायक अभियंता मनोज बजाज ने एप का प्रस्तुतिकरण दिया।

प्रतिनिधिमंडल को 27 नवंबर को राजनांदगांव स्थित बैटरी स्टोरेज सोलर पावर प्लांट का भ्रमण कराया जाएगा।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वीके साय एवं एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह एवं ए.के. लखेरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।