कोरबा। जिले में धान खरीदी के साथ ही हाथियों की मौजूदगी ने प्रशासन और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। कोरबा और कटघोरा वनमंडल में 73 हाथियों के विचरण से 24 से अधिक धान उपार्जन केंद्रों पर खतरा मंडरा रहा है। धान की गंध से हाथियों के खरीदी केंद्रों तक पहुंचने और नुकसान की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भंडारण और सुरक्षा की रणनीति बदली है। कोरबा वनमंडल के ग्राम लबेद में 10 लाख क्विंटल क्षमता का संग्रहण केंद्र बनाया जा रहा है, जहां हाथी प्रभावित 24 उपार्जन केंद्रों का धान रखा जाएगा।
कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी वैकल्पिक संग्रहण केंद्र बनाने के लिए जगह तलाश की जा रही है। प्रस्तावित केंद्रों में हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों के अलावा उन केंद्रों का धान भी रखा जा सकेगा, जहां भंडारण की जगह कम है या उठाव में देरी से जाम की स्थिति बन रही है। धान की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों की तैनाती, हाई मास्ट लाइट और तार फेंसिंग की व्यवस्था की जाएगी।
पिछले सीजन में हाथियों ने पहुंचाया था नुकसान
पिछले धान खरीदी सीजन में हाथियों ने कई उपार्जन केंद्रों में घुसकर धान खाया था। शेड और तार फेंसिंग को भी नुकसान पहुंचाया गया था। इस अनुभव के बाद इस बार खरीदी केंद्रों को पहले से सतर्क किया जा रहा है। पसान, केंदई, एतमा नगर, कुदमुरा, करतला और बालको क्षेत्र के खरीदी केंद्रों को विशेष संवेदनशील माना गया है।
वॉच टॉवर से दिन-रात निगरानी
हाथी प्रभावित बासिन-संडेल सहित आधा दर्जन से अधिक वन क्षेत्रों में वॉच टॉवर बनाए गए हैं। वनकर्मियों की तैनाती कर हाथियों की गतिविधियों पर दिन-रात नजर रखी जाएगी। गश्ती दल और हाथी मित्रों को भी सक्रिय किया गया है।
वन विभाग ने केंद्र प्रभारियों को पर्याप्त रोशनी रखने, अनावश्यक धान भंडारण से बचने और जल्द उठाव कराने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों और किसानों से हाथियों के करीब नहीं जाने तथा उनकी गतिविधियों की सूचना वन विभाग को देने की अपील की गई है।
24 से अधिक खरीदी केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश
उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं ने कोरबा और कटघोरा वनमंडल के अधिकारियों को पत्र भेजकर हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों की सूची साझा की है। इसमें श्यांग, लेमरू, बरपाली, चिरो, कोरबा, कोरकोमा, चचिया, कुदमुरा, जटगा, कटघोरा, पसान, लैंगा, मोरगा, पोड़ी-उपरोड़ा, सिरमिना, कुल्हरिया, कोरबी, परसा, पिपरिया, सोहागपुर, लबेद, करतला, रामपुर, मदवानी, नवापारा और बेहरचुआ सहित अन्य केंद्र शामिल हैं।
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार हाथी प्रभावित केंद्रों में धान की सुरक्षा और भंडारण की समस्या को देखते हुए ग्राम लबेद में संग्रहण केंद्र तैयार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी संग्रहण केंद्र शुरू किया जाएगा।
31 लाख क्विंटल खरीदी का लक्ष्य
इस खरीफ विपणन वर्ष में जिले में आठ नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। किसानों के पंजीयन और खरीदी के रकबे में वृद्धि को देखते हुए 31 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। खरीदी 15 जनवरी तक चलेगी।
खरीदी के बाद धान के उठाव और मिलिंग की प्रक्रिया व्यवस्थित करने के लिए डीओ जारी कर संग्रहण केंद्रों में रखे धान के उठाव को प्राथमिकता दी जाएगी। मिलिंग में तेजी लाने के लिए जिले में मिलर्स की संख्या बढ़ाने और अनुबंध की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
