गेवरा में एसईसीएल अंतर क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू, विभिन्न क्षेत्रों की टीमें पहुंचीं

द्रोणाचार्य खेल परिसर में हुआ उद्घाटन, खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित

कोरबा।एसईसीएल की अंतर क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2025-26 का गेवरा क्षेत्र के द्रोणाचार्य खेल परिसर में शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। स्पर्धा के जरिए कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को मंच देने के साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा दिया जा रहा है।

गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार के मार्गदर्शन तथा स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) सुधा बी. शेंडे के निर्देशन में प्रतियोगिता की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) जीएस प्रसाद ने स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ किया।

विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत कर उन्हें वेलकम किट प्रदान की गई। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ मैदान में उतरने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ टीम भावना, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।

उद्घाटन समारोह में सीईटीआई गेवरा के प्राचार्य अरविंद अहिरवार, स्टाफ अधिकारी सुधा बी. शेंडे, वरीय प्रबंधक वीरेंद्र कुमार, प्रबंधक श्रीकांत मालेपाका, वरीय अधिकारी भूषण गिललूरकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय सलाहकार समिति, क्षेत्रीय कल्याण समिति, क्षेत्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य तथा सिस्टा, ओबीसी एसोसिएशन और काउंसिल के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के मुकाबलों में विभिन्न क्षेत्रों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। समापन समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।