अगहन में खान-पान और दिनचर्या का रखें विशेष ध्यान, जीरे से करें परहेज : डॉ. नागेंद्र शर्मा

वसायुक्त भोजन और शहद का सेवन बताया हितकारी, अभ्यंग व धूप स्नान से मिलेगा लाभ

कोरबा। बदलते मौसम में स्वस्थ रहने के लिए खान-पान और दिनचर्या में बदलाव जरूरी है। आयुर्वेद में हर माह के लिए विशेष आहार-विहार का विधान बताया गया है। इसी क्रम में मार्गशीर्ष (अगहन) मास के दौरान खान-पान और जीवनशैली को लेकर छत्तीसगढ़ के ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक एवं नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने इस माह में जीरे के सेवन से परहेज करने तथा वसायुक्त भोजन और शहद को हितकारी बताया है।

डॉ. शर्मा के अनुसार, अगहन मास 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक रहेगा। यह समय हेमंत ऋतु का होता है। इस दौरान वातावरण में ठंडक बढ़ने और शीतल हवाएं चलने से शरीर में वात और कफ दोष से जुड़ी परेशानियों की आशंका रहती है। संधिशूल, संधिशोथ, श्वास-कास, सर्दी-जुकाम, बुखार और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

उन्होंने बताया कि इस मौसम में शरीर की जठराग्नि तीव्र रहती है, जिससे पाचन शक्ति बेहतर होती है। इसलिए शरीर को ऊर्जा और पोषण देने वाले स्निग्ध (चिकनाई युक्त), अम्ल और लवण रस प्रधान खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए।

इसके विपरीत वात बढ़ाने वाले, अत्यधिक ठंडे, रूखे और हल्के खाद्य पदार्थों के साथ कटु, तिक्त एवं कषाय रस वाले आहार से परहेज करना उचित है। डॉ. शर्मा ने अगहन मास में जीरे का सेवन नहीं करने की सलाह भी दी है।

अभ्यंग और धूप सेवन फायदेमंद
डॉ. शर्मा के मुताबिक हेमंत ऋतु शरीर में शक्ति संचय करने का समय है। इस दौरान च्यवनप्राश, अश्वगंधा, आंवला और शतावरी जैसे आयुर्वेदिक रसायनों का सेवन प्रकृति और उचित नियमों के अनुसार किया जा सकता है। दिनचर्या में तेल मालिश (अभ्यंग), धूप सेवन (आतप स्नान) और यथाशक्ति शारीरिक व्यायाम को शामिल करना चाहिए। शरीर को ठंड से बचाकर रखें और हल्के गुनगुने पानी से स्नान करें।

इन आदतों से करें परहेज
उन्होंने दिन में सोने, रात में देर तक जागने, ठंडे पेय पदार्थों के सेवन और लंबे समय तक भूखे रहने से बचने की सलाह दी है। साथ ही तीव्र ठंडी हवाओं के सीधे संपर्क में आने से बचना चाहिए। आयुर्वेद के अनुसार ऋतु के अनुकूल आहार-विहार अपनाकर मौसमी परेशानियों से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद मिल सकती है।