संविधान के मूल्यों और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर युवाओं ने किया संवाद

डाइट में ‘युवा संवाद-विकसित भारत 2047’ कार्यक्रम आयोजित, भाषण, रोल प्ले और क्विज के जरिए विद्यार्थियों को किया जागरूक

कोरबा। संविधान दिवस पर जिला प्रशासन और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), कोरबा में माय भारत के तत्वावधान में ‘युवा संवाद-विकसित भारत 2047’ एवं नशामुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को संविधान के मूल्यों, राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और नशामुक्त समाज के संकल्प से जोड़ने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल मुख्य अतिथि रहीं। पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष मुकेश जायसवाल और जनभागीदारी सलाहकार समिति के सदस्य युवराज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। यूथ आइकॉन गगन शर्मा तथा माय भारत की युवा भारत प्रभारी ईशा गौतम भी उपस्थित रहीं।

अतिथियों ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ युवा राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। नशामुक्त भारत का संकल्प केवल सरकार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी जागरूक करने के लिए आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम में छात्राओं और अध्यापकों ने भाषण के जरिए विचार रखे, वहीं नशामुक्ति पर रोल प्ले प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य रामहरि सराफ ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया और उपस्थित लोगों को संविधान के प्रति निष्ठा तथा अपने कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। माय भारत पोर्टल के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक लखनलाल धीवर ने किया। अंत में सहायक प्राध्यापक अलखनंदा दत्त ने अतिथियों, संस्थान के स्टाफ, अध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में संस्थान के स्टाफ और छात्राओं का सहयोग रहा।