तनाव से बाहर निकलकर बेहतर बना सकते हैं जीवन : डॉ. बोपापुरकर

कोरबा।तनाव को अनावश्यक रूप से मन में जगह देने के बजाय उसकी पहचान कर उससे बाहर निकलने की कोशिश जीवन को बेहतर बना सकती है। तनाव किसी के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और तनाव प्रबंधन जरूरी है। यह बात केएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने महाविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में कही।

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आत्महत्या रोकथाम एवं तनाव प्रबंधन विषय पर महाविद्यालय के शिक्षा संकाय सभाकक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम सीएमएचओ डॉ. एसएन केशरी के दिशा-निर्देश और जिला नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यशाला में जिला चिकित्सालय के मनोरोग विभाग से विषय विशेषज्ञ पीएसडब्ल्यू ताराचंद श्रीवास एवं सीनियर नर्सिंग ऑफिसर तृप्ति ब्राह्मणी ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा आत्महत्या रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

विशेषज्ञ ताराचंद श्रीवास ने तनाव के प्रमुख कारणों, इसकी पहचान के लक्षणों और तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मानसिक तनाव की स्थिति को समझने, समय रहते सहायता लेने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता बताई।

कार्यशाला में शिक्षा संकाय की प्रभारी डॉ.भारती कुलदीप, डॉ.रश्मि शुक्ला,डॉ.अंजू खेस्स,डॉ.प्रीति द्विवेदी,अनिता यादव,नितेश यादव, शंकरलाल यादव, राकेश गौतम, कुणाल दासगुप्ता सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।