कटघोरा में अतिक्रमण हटाने के नोटिस से खलबली, 39 परिवारों के कब्जे चिन्हांकित

बाजार मोहल्ला और निस्तारी तालाब की जमीन पर कार्रवाई की तैयारी, तीन दिन में कब्जा हटाने के निर्देश

कोरबा-कटघोरा। कटघोरा में शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के मामलों को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बाजार मोहल्ला में 39 परिवारों के बेजा कब्जे चिन्हांकित किए गए हैं। वहीं निस्तारी तालाब की जमीन पर कब्जे और निर्माण की स्थिति सामने आने के बाद अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नोटिस और जमीन के चिन्हांकन की प्रक्रिया से प्रभावित क्षेत्र में खलबली मची है। प्रशासन ने कब्जा हटाने के लिए तीन दिन की समय-सीमा तय की है।

नगर पालिका कटघोरा अंतर्गत बाजार मोहल्ला, कचरा डम्पिंग एरिया और हुसैन सागर के आसपास अतिक्रमण को लेकर चिन्टू अग्रवाल के आवेदन पर जांच की गई थी। राजस्व विभाग की जांच में शासकीय एवं सार्वजनिक जमीन पर कब्जे की स्थिति सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की है। शिकायत में बाजार की सड़क संकरी होने, आवागमन बाधित होने और नाली-नालों पर कब्जे के कारण जल निकासी प्रभावित होने की बात भी उठाई गई थी।

मामले में ग्राम कटघोरा के निस्तारी तालाब की शासकीय भूमि भी जांच के दायरे में आई है। राजस्व अभिलेखों में खसरा नंबर 980 में 0.121 हेक्टेयर, खसरा नंबर 984 में 0.898 हेक्टेयर और खसरा नंबर 986 में 1.484 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी की संयुक्त टीम ने इन जमीनों का मौका निरीक्षण कर कब्जे और निर्माण से संबंधित स्थिति दर्ज की है।

संयुक्त जांच प्रतिवेदन में अतिक्रमण को नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 223 के उल्लंघन से संबंधित बताया गया है। संबंधित कब्जाधारियों को तीन दिवस के भीतर कब्जा हटाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नोटिस की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार और थाना प्रभारी कटघोरा को भी भेजी गई है।

नोटिस मिलने के बाद लंबे समय से क्षेत्र में रह रहे परिवारों की चिंता बढ़ गई है। प्रभावित लोगों का कहना है कि कब्जा हटाए जाने की स्थिति में उनके सामने आवास की समस्या खड़ी हो सकती है। ऐसे परिवार वैकल्पिक व्यवस्था अथवा पट्टा दिए जाने की मांग उठा रहे हैं।

तीन दिन बाद प्रशासन के कदम पर नजर
नोटिस जारी होने और कब्जे चिन्हांकित किए जाने के बाद अब प्रशासन की अगली कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। निर्धारित समय-सीमा में कब्जे नहीं हटाए जाने पर प्रशासन नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर सकता है। सवाल यह भी उठ रहा है कि कार्रवाई बाजार मोहल्ला तक सीमित रहेगी या अन्य विवादित कब्जों पर भी प्रशासन कदम उठाएगा।

जेंजरा अटल आवास के समीप निर्माण और धवईपुर क्षेत्र में रेत घाट से जुड़े कब्जों के आरोपों पर भी कार्रवाई का इंतजार है। ऐसे में कटघोरा में अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक मुहिम कितनी व्यापक होगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।