कोरबा। शहर के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र में महाराणा प्रताप प्रतिमा के पास संचालित अब्दुल्ला टायर दुकान में शनिवार तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान के बाहर रखे टायरों से शुरू हुई आग तेजी से फैलते हुए दुकान के भीतर तक पहुंच गई।आग की चपेट में आने से करीब 80 हजार रुपए का सामान प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। सूचना पर नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
घटना शनिवार तड़के करीब 3.30 बजे की है। नेहरू नगर से बुधवारी जाने वाले मार्ग पर महाराणा प्रताप तिराहे के पास स्थित टायर दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। हवा के संपर्क में आने से आग ने तेजी पकड़ी और दुकान के अंदर रखे सामान तक फैल गई।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की। घटना में दुकान संचालक मोहम्मद नौशाद खान को नुकसान उठाना पड़ा।
दुकान संचालक नौशाद खान ने आग लगने की घटना में अराजक तत्वों की भूमिका होने की आशंका जताई है।
उन्होंने सीएसईबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने जांच में जुटी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
