बाल्को शाखा में बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करने का आरोप, झारखंड के दुमका से पकड़कर कोरबा लाया गया; पुलिस रिमांड पर पूछताछ
कोरबा। एसबीआई की बाल्को शाखा में 93 लाख 60 हजार 797 रुपए के कथित गबन मामले में करीब छह साल बाद एसीबी/ईओडब्ल्यू बिलासपुर ने आरोपी पूर्व मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को झारखंड के दुमका जिले से पकड़कर छत्तीसगढ़ लाया गया।
कोरबा न्यायालय में पेश करने के बाद उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी पर बैंक के विभिन्न खातों से रकम निकालकर पत्नी, वाहन चालक सहित अन्य खातों में हस्तांतरित करने का आरोप है।
एसीबी/ईओडब्ल्यू के अनुसार, वर्ष 2020 में एसबीआई के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय कोरबा के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने रायपुर मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि सुनील कुमार झा 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 तक एसबीआई बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि इसी अवधि में पद का दुरुपयोग करते हुए उसने विभिन्न बैंक खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपए अवैध रूप से अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खातों में ट्रांसफर किए।
बैंक के खातों से रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजी
मामले में वर्ष 2020 में अपराध क्रमांक 07/2020 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 409 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते, डिस्काउंट खाते, संबंधित खाताधारकों के स्टेटमेंट और मूल बैच ट्रांसफर व डेबिट वाउचर सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।
दस्तावेजों की जांच में बैंक के बीजीएल (BGL) खातों से रकम डेबिट कर अन्य खातों में हस्तांतरित किए जाने और संबंधित वाउचर आरोपी द्वारा तैयार किए जाने के तथ्य सामने आए। साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए) और 13(2) के साथ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गईं।
दुमका से गिरफ्तारी, कोरबा में पुलिस रिमांड
एसीबी/ईओडब्ल्यू बिलासपुर की टीम ने आरोपी सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका जिले के राखाबानी (रसीकपुर) स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद उसे कोरबा लाया गया। यहां न्यायालय में पेश किए जाने के बाद पुलिस रिमांड मंजूर की गई।
एसीबी/ईओडब्ल्यू अब रिमांड के दौरान आरोपी से बैंक खातों में हुए लेनदेन, रकम के हस्तांतरण और कथित गबन से जुड़े अन्य पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
