कोरबा-गढक़टरा। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने और उन्हें मेलों की खुशियों से जोड़ने के उद्देश्य से प्राथमिक शाला गढक़टरा में लगातार तीसरे वर्ष आनंद मेले का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार की इस अनूठी पहल में विद्यार्थियों को खान-पान की विभिन्न सामग्री महज एक रुपए में उपलब्ध कराई गई, जबकि ग्रामीणों के लिए पांच रुपए में व्यवस्था रखी गई। मेले में 100 से अधिक विद्यार्थियों और लगभग 100 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन का आनंद उठाया।
आनंद मेले में बच्चों के लिए खान-पान की विभिन्न सामग्री और व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। बेहद कम कीमत पर उपलब्ध सामग्री ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया। विद्यालय परिवार की पहल को ग्रामीणों ने भी सराहा और आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमबी पावर अनूपपुर के प्रेसिडेंट अजय अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी मनीष अग्रवाल और सीए अनंत केजरीवाल उपस्थित रहे। सरपंच बहोरन मझवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी आयोजन में सहभागिता की। अतिथियों ने बच्चों के भोजन के लिए 20 थालियां प्रदान कीं।
इस अवसर पर प्रधान पाठक एवं राज्य अलंकरण से सम्मानित विवेक लांडे के विद्यार्थी रहे श्रीकांत भारिया और पाठक अजय कौशले का अजय अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने विशेष सम्मान किया।
आयोजकों ने कहा कि खुशियों की कोई कीमत नहीं होती।
बच्चों को खुशियां देने के लिए बड़ी राशि की नहीं, बल्कि अच्छी सोच, संवेदनशीलता और समय निकालने की जरूरत होती है। आनंद मेले की यह पहल बच्चों के साथ ग्रामीणों के लिए भी यादगार बन गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
