बाल संरक्षण आयोग के हस्तक्षेप पर पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई
कोरबा। बालको के लालघाट में नाबालिग किशोरी के विवाह की तैयारी पर समय रहते रोक लगा दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर शिकायत मिलते ही बाल संरक्षण आयोग, पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गए। सूचना के करीब 25 मिनट के भीतर टीम मौके पर पहुंची और आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच में किशोरी के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर विवाह रुकवा दिया।
बालको थाना क्षेत्र के लालघाट में एक परिवार किशोरी के विवाह की तैयारी कर रहा था। इसकी जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर पहुंची। बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस को सूचना दी तथा मौके पर हस्तक्षेप के निर्देश दिए।
इसके बाद आईसीडीएस अधिकारियों और बालको थाना पुलिस की टीम लालघाट पहुंची। परिजनों से पूछताछ के साथ किशोरी के आयु संबंधी प्रमाण पत्रों की जांच की गई। दस्तावेजों में किशोरी नाबालिग पाए जाने पर विवाह की तैयारी रोक दी गई।
समझाइश देकर रोका विवाह, कानून की दी जानकारी
मौके पर अधिकारियों ने परिजनों को बाल विवाह निषेध कानून के प्रावधानों से अवगत कराया। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह कराने, प्रोत्साहित करने या इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।बाल संरक्षण आयोग ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह रोकने के लिए सूचना मिलने पर तत्काल हस्तक्षेप किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
