विधायक तुलेश्वर मरकाम के वाहन पर पथराव, साइड का कांच टूटा; रतनपुर थाने में FIR

रात 11.30 बजे सिंघरी से लौटते वक्त घटना; 500 मीटर आगे चल रही थी पुलिस पेट्रोलिंग

बिलासपुर/कोरबा। गौरा-गौरी कार्यक्रम से लौट रहे पाली-तानाखार विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर शुक्रवार देर रात पथराव किया गया। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघरी मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना में वाहन के उस साइड का कांच टूट गया, जिस तरफ विधायक बैठे थे। अचानक हुए पथराव से विधायक, उनके पीएसओ और चालक सहम गए। चालक ने सूझबूझ से वाहन पर नियंत्रण बनाए रखा। घटना को लेकर रतनपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

विधायक के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम के मुताबिक, तुलेश्वर मरकाम शुक्रवार को ग्राम सिंघरी में आयोजित गौरा-गौरी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम से रात करीब 11.30 बजे वापस लौटते समय सिंघरी मुख्य मार्ग पर अज्ञात व्यक्ति ने उनके वाहन को निशाना बनाते हुए पत्थर फेंका। पत्थर की चोट से दरवाजे में लगा साइड कांच टूटकर बिखर गया। घटना के वक्त विधायक उसी तरफ बैठे थे।

पेट्रोलिंग वाहन आगे, फिर भी पथराव

प्रतिनिधि के अनुसार, विधायक के वाहन से करीब 500 मीटर आगे पुलिस पेट्रोलिंग वाहन चल रहा था। इसके बावजूद देर रात वाहन पर पथराव की घटना ने विधायक की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए विधायक के समर्थकों ने इसे सुनियोजित हरकत होने की आशंका जताई है। हालांकि, पथराव किसने और किस वजह से किया, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

पार्टी ने Y प्लस सुरक्षा की मांग उठाई
घटना के बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने विधायक की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पार्टी के जिला महासचिव शेख इस्माइल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम को Y प्लस सुरक्षा देने की मांग की है।

उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पार्टी इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में आंदोलन करेगी।

पथराव की घटना के बाद पार्टी पदाधिकारी आरोपी की पहचान, घटना के पीछे की वजह और विधायक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।