लखनऊ के राष्ट्रीय कैंप में कोरबा की सांस्कृतिक पहचान, राज्यपाल को भेंट की वर्ली पेंटिंग

अदिति और नरेंद्र ने युवा सशक्तिकरण, राष्ट्र निर्माण व सांस्कृतिक विरासत पर किया संवाद; छत्तीसगढ़ की परंपराओं से कराया परिचित

कोरबा।लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के वंदे मातरम् कैंप में कोरबा के युवाओं ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभा का परिचय दिया। मेरा युवा भारत, लखनऊ द्वारा 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित सात दिवसीय कैंप में जिले से अदिति और नरेंद्र सहभागी बनकर राष्ट्रीय मंच पर जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कैंप के दौरान दोनों युवाओं को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने राज्यपाल को वर्ली आर्ट पेंटिंग भेंट कर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया।

कैंप में आयोजित संवाद के दौरान युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, युवा सशक्तिकरण और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर अदिति और नरेंद्र ने वर्ली कला के माध्यम से भारतीय लोककला के प्रति अपनी रुचि का परिचय देते हुए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया।

पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत पर भी चर्चा

कैंप के दौरान प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री से संवाद का अवसर भी मिला। इस दौरान पर्यटन स्थलों की विशेषताओं, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं को पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर के महत्व को समझने तथा विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।

राष्ट्रीय मंच पर अनुभव और नेतृत्व क्षमता का विकास

मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित सात दिवसीय वंदे मातरम् कैंप का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना विकसित करना है। इस आयोजन में विभिन्न राज्यों के युवा एक मंच पर आकर विचारों, अनुभवों और सांस्कृतिक परंपराओं का साझा कर रहे हैं।

राष्ट्रीय मंच पर कोरबा के युवाओं की सहभागिता जिले के लिए गौरव का विषय है। अदिति और नरेंद्र की यह भागीदारी न केवल उनके व्यक्तित्व विकास और अनुभव विस्तार का अवसर है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का माध्यम भी बनी है।