भैरमगढ़ क्षेत्र में DRG, थाना पुलिस और BDS की संयुक्त सर्चिंग; स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे थे 33 सोने के बिस्किट
बीजापुर। माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे माओवादी डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। सोना और नकदी जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डम्प छिपाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया।
जमीन के अंदर दबा स्टील का डिब्बा मिला
भैरमगढ़ थाना से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर जंगल में चिन्हित स्थान पर तलाशी के दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग करते हुए जमीन के अंदर दबाकर रखा स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे की तलाशी में 10-10 तोला वजन के 33 सोने के बिस्किट मिले। इनका कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम बताया गया है। सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है।
24.22 लाख रुपये नकद भी बरामद
सोने के साथ टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी मिले। सुरक्षा बलों ने सोना और नकद राशि जब्त कर लिया है। बरामद सामग्री के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से जिले के विभिन्न स्थानों पर माओवादी डम्प से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
