अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, दुबई और यूरोप के कई शहरों में नाचा ने मनाया स्थापना दिवस व दीपावली महोत्सव
कोरबा। छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोकपरंपराओं और मातृभूमि के प्रति जुड़ाव की गूंज अब सात समंदर पार भी सुनाई दे रही है। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) की पहल पर नवंबर माह में अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात और यूरोप के विभिन्न शहरों में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं दीपावली महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इन आयोजनों में हजारों प्रवासी छत्तीसगढ़ी परिवार शामिल हुए और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के रंग बिखेरे।
नाचा की अंतरराष्ट्रीय इकाइयों ने न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, शिकागो, कैलिफोर्निया, सिएटल, फ्लोरिडा, डलास, ह्यूस्टन, दुबई, सिडनी और मेलबर्न सहित कई शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। समारोहों का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ का सामूहिक गायन हुआ। पारंपरिक लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ी रंग घोल दिया।
सिएटल में आयोजित दीपावली समारोह में भारत के महावाणिज्य दूत प्रखर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विदेशों में रहकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर नाचा सिएटल की अध्यक्ष नमिता खंडेलवाल के सामुदायिक योगदान की भी प्रशंसा की गई।
नाचा के महासचिव नील जोसेफ ने आयोजन में सहयोग देने वाले विभिन्न देशों के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों में बच्चों और युवाओं की सहभागिता से नई पीढ़ी अपनी मातृभूमि की भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहेगी।
इन आयोजनों के जरिए प्रवासी छत्तीसगढिय़ों ने विदेशों में रहते हुए भी अपनी जड़ों, मातृभूमि और सांस्कृतिक विरासत के प्रति आत्मीयता प्रदर्शित की। नाचा का उद्देश्य विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के परिवारों को एक मंच पर जोड़कर प्रदेश की संस्कृति, लोकपरंपराओं और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
