14 दिन चलेगा वजन त्यौहार, आंगनबाड़ी में बच्चों के पोषण स्तर की होगी जांच

1 से 14 दिसंबर तक जिले में वजन त्यौहार, बच्चों के पोषण का होगा आकलन

6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का वजन और ऊंचाई मापकर पालकों को दी जाएगी रिपोर्ट, गर्भवती व किशोरियों की भी जांच

कोरबा। बच्चों में कुपोषण की पहचान और उनके शारीरिक विकास की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिले में 1 से 14 दिसंबर तक वजन त्यौहार आयोजित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के इस अभियान में जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के छह वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों का वजन और ऊंचाई मापी जाएगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पालकों से अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचाकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

वजन त्यौहार के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर का आकलन कर उनकी विकास संबंधी स्थिति सामने लाई जाएगी। मापन के बाद पालकों को बच्चों के पोषण स्तर की रिपोर्ट दी जाएगी, ताकि वे बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य और देखभाल पर जरूरत के मुताबिक ध्यान दे सकें। अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों में पहले से पंजीकृत बच्चों के साथ पंजीयन से छूटे बच्चों को भी शामिल किया जाएगा।

गर्भवती, शिशुवती महिलाओं और किशोरियों की भी होगी जांच

अभियान के दौरान गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं का वजन, ऊंचाई, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) और रक्त अल्पता यानी एनीमिया की जांच की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग का सहयोग लिया जाएगा। आयोजन स्थलों पर स्वास्थ्य कर्मचारियों और आवश्यक जांच उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे आंगनबाड़ी केंद्र

वजन त्यौहार के निर्धारित आयोजन दिवस पर संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे, जिससे पालक सुविधानुसार बच्चों को केंद्र पहुंचा सकें। अभियान के लिए प्रत्येक परिवार तक वजन आमंत्रण पत्र पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। ग्राम एवं वार्ड स्तर पर दल गठित कर समुदाय की उपस्थिति में बच्चों का मापन किया जाएगा। बच्चों की दिव्यांगता संबंधी जानकारी भी संकलित की जाएगी।

उसी दिन पोषण ट्रैकर में दर्ज होगा डेटा

बच्चों के वजन और ऊंचाई से संबंधित आंकड़े उसी दिन पोषण ट्रैकर सॉफ्टवेयर में दर्ज किए जाएंगे। विभागीय अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से अभियान की प्रगति पर नजर रखेंगे। सुचारू संचालन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा जिला एवं परियोजना स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन होगा। ग्राम पंचायतों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

अभियान में विभागीय अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ एवं सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश के चयनित लगभग एक हजार आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष पर्यवेक्षण के जरिए शत-प्रतिशत बच्चों का वजन लेकर पोषण संबंधी आंकड़ों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

वजन त्यौहार का उद्देश्य केवल बच्चों का वजन मापना नहीं, बल्कि समय रहते पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उचित देखभाल के लिए पालकों को जागरूक करना भी है। जनसहभागिता और विभागीय समन्वय से स्वस्थ बचपन और कुपोषण मुक्त कोरबा की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।