लंबित मांगों को लेकर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारियों की हुंकार, बोले- एकजुटता से ही मिलेगी सफलता

प्रांतीय महासम्मेलन की तैयारी को लेकर प्रांताध्यक्ष टारजन गुप्ता ने ली बैठक; ग्रेड पे संशोधन और पदनाम परिवर्तन पर जोर, संगठन मजबूत करने का संकल्प

कोरबा। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष टारजन गुप्ता के कोरबा आगमन पर जिले के कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। आगामी प्रांतीय महासम्मेलन की तैयारियों और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बैठक में संगठन की मजबूती और सामूहिक संघर्ष पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष टारजन गुप्ता ने ग्रेड पे संशोधन और पदनाम परिवर्तन सहित कर्मचारियों की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत एकजुटता में है। जब कर्मचारी संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, तभी उनकी मांगों को प्रभावी तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने आगामी प्रांतीय महासम्मेलन को कर्मचारियों की समस्याओं और अधिकारों को प्रदेश स्तर पर मजबूती से रखने का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से तैयारियों में जुटने और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की अपील की। बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और लंबित मांगों के लिए सामूहिक रूप से संघर्ष करने का संकल्प लिया।

प्रदेश और जिला पदाधिकारी हुए शामिल

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश जायसवाल, प्रदेश महामंत्री आरके अवस्थी, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सरोज बाघमार, उपाध्यक्ष रमशीला साहू, आईटी सेल प्रभारी संत साहू, प्रवक्ता सुरेश पटेल, बिलासपुर संभाग अध्यक्ष गजेंद्र भोंसले, संभाग उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, महासमुंद जिलाध्यक्ष विनय प्रधान, कोरबा जिलाध्यक्ष पन्ना लाल पटेल, जिला महिला प्रकोष्ठ से सरस्वती रजक और जिला संरक्षक हरि दिवाकर उपस्थित रहे।

इसके अलावा कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार सिंह, करतला ब्लॉक अध्यक्ष लव देवांगन, पाली ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण सोनकर और पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष विजय यादव सहित जिलेभर के सैकड़ों स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी शामिल हुए। बैठक के अंत में प्रांतीय महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां तेज करने का निर्णय लिया गया।