प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला सुरक्षितआशियाना, महतारी वंदन के 1000 रुपए और खेती- वनोपज से चला रहीं घर-गृहस्थी
कोरबा। कभी कच्चे मकान में बारिश और जंगली जानवरों के डर के बीच गुजरती थी रात, अब पक्की छत के नीचे चैन की नींद। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम कटमोरगा की वृद्धा शांति बाई के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने सुरक्षा और सुकून का नया एहसास दिया है। घने जंगलों के बीच बसे गांव में पक्का मकान उनके लिए सिर्फ आवास नहीं, बल्कि भय और परेशानियों से राहत का सहारा बन गया है।
कटमोरगा में हाथियों सहित दूसरे वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। पहले कच्चे मकान में रहने के दौरान शांति बाई को बारिश के दिनों में घर की चिंता के साथ वन्यप्राणियों से खतरे का भय भी सताता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने के बाद उनकी जिंदगी पहले से सहज हुई है। अब मौसम की मार और असुरक्षा की चिंता के बीच रात गुजारने की मजबूरी कम हुई है।
महतारी वंदन के 1000 रुपए से घरेलू जरूरतों को सहारा
शांति बाई को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की सहायता राशि भी आर्थिक संबल दे रही है। इस राशि से वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में मदद लेती हैं। उम्र के इस पड़ाव में नियमित आर्थिक सहायता उनके लिए राहत का माध्यम बनी है।
3-4 एकड़ में धान, जंगल से भी जुटाती हैं आय
उम्र बढ़ने के बावजूद शांति बाई आज भी मेहनत के दम पर आजीविका चला रही हैं। वे जंगल से लघु वनोपज का संग्रहण कर उसे बेचती हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण से भी अतिरिक्त आमदनी होती है। इसके साथ ही करीब 3 से 4 एकड़ जमीन पर धान की खेती करती हैं। खेती मुख्य रूप से बारिश पर निर्भर है।
शासन की धान खरीदी व्यवस्था में प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली सहायता को उन्होंने किसानों के लिए लाभकारी बताया। उनका कहना है कि शासन की योजनाओं से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है।
पक्के मकान की सुरक्षा और महतारी वंदन की आर्थिक मदद से शांति बाई के जीवन में आया बदलाव ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के लाभ की एक तस्वीर पेश करता है। उनके लिए अब घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित जीवन और सुकून का आधार है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
