Blog
बार-बार बिजली गुल, ग्रामीणों में आक्रोश
दो दिन में समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कोरबा/पसान। ग्राम पंचायत पसान में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। परेशान ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए दो दिन का समय देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली बंद हो रही है। कई-कई घंटे आपूर्ति बाधित रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
रात के समय गांव में अंधेरा रहने से चोरी और सर्पदंश जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों के मुताबिक बिजली कटौती से बीमार लोगों को भी परेशानी हो रही है। बिजली आधारित आवश्यक उपकरणों का उपयोग नहीं हो पाने से मरीजों और उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के स्थानीय कर्मचारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसे लेकर ग्रामीणों ने तहसीलदार से हस्तक्षेप की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि दो दिवस के भीतर बिजली व्यवस्था सुधारकर समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो ग्रामीण सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने आंदोलन की स्थिति में विद्युत वितरण विभाग और संबंधित सहायक अभियंता को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
