नशामुक्त भारत के लिए सामूहिक शपथ, युवाओं को स्वस्थ जीवन का संदेश
कोरबा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से साडा कॉलोनी जमनीपाली स्थित डायमंड जुबली भवन में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज को नशे की बुराई से मुक्त कर स्वस्थ, जागरूक और संस्कारवान भारत के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में एनटीपीसी प्रशिक्षण केंद्र के डीजीएम एवं प्रभारी उमेश गोंड, डीपीएस एनटीपीसी के प्राचार्य सतीश शर्मा, सिपेट कोरबा के प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. दिवेश मेश्राम तथा सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य लक्ष्मीनारायण जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत तिलक, पुष्पगुच्छ एवं बैज लगाकर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
बीके बिंदु ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी घातक है। राजयोग के अभ्यास से आत्मबल बढ़ाकर नशे जैसी बुराइयों पर विजय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने लोगों से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उमेश गोंड ने कहा कि नशामुक्त युवा ही देश की वास्तविक शक्ति हैं। प्रत्येक व्यक्ति स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेकर दूसरों को भी प्रेरित करे तो समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सकता है। वहीं प्राचार्य सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास पर जोर दिया।
डॉ. दिवेश मेश्राम ने युवाओं से लक्ष्यपरक जीवन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। लक्ष्मीनारायण जायसवाल ने कहा कि चरित्र निर्माण ही राष्ट्र निर्माण का आधार है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ ली। बीके वीरेश ने नशामुक्ति पर प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया। राजयोग मेडिटेशन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संचालन बीके रश्मि शर्मा ने किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
