पवन वर्मा बने निगम के अपर आयुक्त

कोरबा। नगर पालिका निगम कोरबा में प्रशासनिक स्तर पर दायित्वों में बदलाव किया गया है। निगम में उपायुक्त के पद पर कार्यरत पवन वर्मा को पदोन्नति देकर अपर आयुक्त बनाया गया है। उन्होंने अपर आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है।

यह पदोन्नति विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा, मेयर इन काउंसिल में पारित निर्णय तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से पदोन्नति की पुष्टि के आधार पर की गई है।

आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

प्रशासनिक व्यवस्था के तहत अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव को उनके पूर्व दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें निर्माण, योजना, डीएमएफ, सीएसआर, 15वें एवं 16वें वित्त आयोग तथा अमृत मिशन का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। साथ ही सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत उन्हें प्रथम अपीलीय अधिकारी की जिम्मेदारी भी दी गई है।

निगम में प्रभारी अधीक्षण अभियंता के रूप में कार्यरत सुरेश बरूआ 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गए। उनके पास रहे दायित्व अब भूषण उरांव को सौंपे गए हैं।

इसी तरह निगम की प्रभारी कार्यपालन अभियंता रुचि साहू को पहले से मिले दायित्वों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें योजना का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों के इस फेरबदल से निगम के निर्माण एवं विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।