अपनों से दूर बुजुर्गों के बीच कोरबा पुलिस ने मनाई दीपावली, बांटी खुशियां

प्रशांति वृद्धाश्रम में पुलिस जवानों ने सजाई रंगोली, जलाए दीप और भेंट किए उपहार; बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद

कोरबा। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और अपनों के साथ खुशियों के पल साझा करने का अवसर होता है। लेकिन कुछ बुजुर्ग ऐसे भी हैं, जो जीवन के इस पड़ाव पर अपनों से दूर वृद्धाश्रम में रहने को विवश हैं। ऐसे बुजुर्गों के जीवन में भी दीपावली की खुशियों का उजाला बिखेरने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने प्रशांति वृद्धाश्रम पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल ने वृद्धजनों को अपनत्व और परिवार जैसा माहौल देने का प्रयास किया।

दीपावली के अवसर पर पुलिस जवानों ने वृद्धाश्रम के आंगन को रंगोली से सजाया और दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का माहौल बनाया। इस दौरान वृद्धजनों की आरती उतारकर उन्हें उपहार भेंट किए गए। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और उनके साथ आतिशबाजी कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

पुलिस जवानों को अपने बीच पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। उम्र के इस पड़ाव पर जहां अपनों के साथ और स्नेह की सबसे अधिक आवश्यकता होती है,वहां पुलिसकर्मियों की यह पहल उनके लिए भावनात्मक रूप से खास बन गई। कुछ समय के लिए वृद्धाश्रम का माहौल परिवार के साथ दीपावली मनाने जैसा हो गया।



कोरबा पुलिस की यह पहल बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता एवं मानवीय दायित्व निभाना भी उसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्दी के पीछे छिपी संवेदनशीलता और सेवा भावना इस आयोजन में देखने को मिली।

उल्लेखनीय है कि कोरबा पुलिस दीपावली सहित अन्य त्योहारों के अवसर पर भी वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा करती रही है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से पुलिस न केवल उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास करती है, बल्कि उन्हें यह अहसास भी कराती है कि समाज में उनकी चिंता करने वाले लोग मौजूद हैं।