दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने दो दिनों में की थीं लूट की वारदातें, दो विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध; मोबाइल और छह हजार रुपए बरामद

कोरबा।शहर में दिनदहाड़े महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स लूटने की दो घटनाओं का सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दीपक साहू (28) को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदातों में उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं में कुल लगभग छह हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में 3 और 4 नवंबर को महिलाओं से पर्स लूटने की दो अलग-अलग घटनाएं हुई थीं। पहली घटना 3 नवंबर को शाम करीब 4:07 बजे कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास हुई। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और उनके हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।

दूसरी घटना 4 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से भाग निकले। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

मोबाइल और नकदी बरामद, आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक घटना में लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा दोनों घटनाओं से संबंधित कुल लगभग छह हजार रुपए नकद बरामद किए। बरामद सामग्री को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया।

प्रकरण में मुख्य आरोपी दीपक साहू, पिता अमर लाल साहू, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को 5 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके दोनों नाबालिग साथियों को किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।