प्रदोष काल और स्थिर वृषभ लग्न में पूजन विशेष फलदायी, ज्योतिषाचार्य डॉ. सतीश शुक्ला ने बताया पूजा का पूरा समय-चक्र
कोरबा।दीपावली का पावन पर्व रविवार, 8 नवंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर घरों और प्रतिष्ठानों में सुख-समृद्धि की कामना के साथ मां महालक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देव की पूजा-अर्चना की जाएगी। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन में आस्था और श्रद्धा का विशेष महत्व है, लेकिन शास्त्रों में शुभ मुहूर्त का भी विशेष स्थान बताया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए ज्योतिषाचार्य डॉ. सतीश शुक्ला ने कोरबा एवं रायपुर अंचल के स्थानीय अक्षांश तथा सूर्योदय-सूर्यास्त के समय के आधार पर लक्ष्मी पूजन के शुभ मुहूर्त और चौघड़िया का विस्तृत विवरण दिया है।
महर्षि अरविंद ज्योतिष विश्वविद्यालय, उदयपुर से पीएचडी डॉ. सतीश शुक्ला के अनुसार गृहस्थों और व्यापारियों के लिए प्रदोष काल में स्थिर वृषभ लग्न के दौरान लक्ष्मी पूजन करना विशेष शुभ माना जाता है। इस वर्ष महालक्ष्मी पूजन का श्रेष्ठ मुहूर्त शाम 5:45 बजे से रात 7:45 बजे तक रहेगा।
वहीं प्रदोष काल शाम 5:35 बजे से रात 8 बजे तक और स्थिर वृषभ लग्न शाम 6 बजे से रात 7:55 बजे तक रहेगा।
स्थिर नवमांश योग में पूजन का विशेष महत्व
डॉ. शुक्ला ने बताया कि इस बार महालक्ष्मी पूजन और बही-खाता पूजन के लिए विशेष अति-शुभ स्थिर नवमांश योग भी बन रहा है। इसके तहत शाम 6:15 से 6:30 बजे तथा शाम 6:50 से 7:05 बजे तक का समय विशेष शुभ रहेगा। व्यापारी वर्ग इस अवधि में प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी पूजन और बही-खाता पूजन कर सकते हैं।
चौघड़िया के अनुसार दीपदान और पूजन का समय
ज्योतिषाचार्य के अनुसार जो श्रद्धालु चौघड़िया के आधार पर पूजा-अर्चना अथवा प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित करना चाहते हैं, उनके लिए भी शुभ समय निर्धारित है।
शुभ, अमृत एवं चर चौघड़िया: शाम 5:35 बजे से रात 10:30 बजे तक।
लाभ चौघड़िया: रात 1:45 बजे से 9 नवंबर की सुबह 3:25 बजे तक।
डॉ. शुक्ला ने बताया कि हिंदू धर्म में विधि-विधान और निर्धारित शुभ समय के अनुसार किए गए अनुष्ठानों का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं को अपनी सुविधा और परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में मां महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना करनी चाहिए। दीपावली पर विधिवत पूजन कर परिवार और व्यापार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की जाती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
