सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को मिली सफलता, एक विधि से संघर्षरत बालक अभिरक्षा में; चोरी में शामिल अन्य साथियों की तलाश जारी
कोरबा।कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करने में सिविल लाइन रामपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने पहली घटना में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। वहीं चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त के संदेह में एक युवक के कब्जे से चांदी की दो चेन बरामद की गई हैं। पुलिस अब चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी गई शेष संपत्ति की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में अलग-अलग समय पर चोरी की दो घटनाएं हुई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन रामपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
चोरी की घटनाओं का पता लगाने के लिए पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के विश्लेषण के बाद संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गईं।
जांच के दौरान पहली चोरी की घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में बालक ने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस अब उसके साथियों की पहचान करने के साथ चोरी गई संपत्ति के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
चोरी की संपत्ति खरीदने के संदेह में युवक से पूछताछ
इधर, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुरेश निषाद (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोविंद राम निषाद, निवासी भुलसीडीह के कब्जे से चांदी की दो चेन बरामद की हैं। पुलिस उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल पुलिस चोरी की दोनों घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही मंदिर से चोरी गई शेष संपत्ति की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
