पावर हाउस रोड पर डिवाइडर और ट्रैफिक डायवर्जन का दिखा असर, चौक-चौराहों पर देर रात तक मुस्तैद रहे पुलिस
कोरबा।दीपावली के पर्व पर शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन इस बार यातायात व्यवस्था पिछले वर्षों की तुलना में काफी बेहतर और व्यवस्थित रही। बाजारों में वाहनों और खरीदारों की संख्या बढ़ने के बावजूद प्रमुख मार्गों पर कहीं भी लंबे जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर निगम के बेहतर समन्वय तथा पहले से तैयार यातायात प्रबंधन योजना का सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। इससे त्योहारी खरीदारी के लिए निकले लोगों को काफी राहत मिली।
शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल पावर हाउस रोड पर यातायात का दबाव कम करने के लिए शारदा विहार मोड़ से सुनालिया पुल तक डिवाइडर का निर्माण कराया गया था। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। इन व्यवस्थाओं का असर धनतेरस से ही दिखाई देने लगा। आमतौर पर इस मार्ग पर त्योहारी सीजन में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, लेकिन इस बार यातायात अपेक्षाकृत सुचारू बना रहा। घंटाघर, निहारिका और बुधवारी बाजार जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में भी खरीदारों की भीड़ के बावजूद आवागमन बाधित नहीं हुआ।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में यातायात पुलिस के जवानों के साथ नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के कर्मचारियों की भी तैनाती की गई थी। प्रत्येक प्रमुख स्थान पर दो-दो यातायात जवानों की ड्यूटी लगाई गई।
संयुक्त टीम देर रात तक मुस्तैद रहकर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करने और अनावश्यक जाम की स्थिति रोकने में जुटी रही। वहीं पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें भी लगातार बाजारों में भ्रमण कर व्यवस्था पर नजर रखती रहीं।
एएसपी लखन पटले और सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी स्वयं मैदान में उतरकर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के समन्वय से डिवाइडर निर्माण, यातायात डायवर्जन और निगम कर्मचारियों की तैनाती जैसे आवश्यक कदम उठाए गए। एसआई मनोज राठौर के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने भी सक्रियता से जिम्मेदारी निभाई।
प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी, पुलिस की मुस्तैदी और नागरिकों के सहयोग से दीपावली के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही।
सराफा बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
त्योहारी खरीदारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सशस्त्र बल के जवानों की तैनाती की गई थी। वहीं सराफा बाजार सहित संवेदनशील स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। भीड़भाड़ के बीच असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय रहीं। इस व्यवस्था का उद्देश्य बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचे नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना था।
इस बार यातायात प्रबंधन में प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से शहरवासियों को जाम की परेशानी से काफी हद तक राहत मिली।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
