कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर हादसा:ट्रेलर की चपेट में आया बाइक सवार, मौके पर दर्दनाक मौत

दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार; मृतक की पहचान में जुटी पुलिस

कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक पोड़ी उपरोड़ा से कटघोरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान भालू मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा और बांगो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

वहीं दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।