मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति का दीपावली मिलन एवं अन्नकूट समारोह 10 नवंबर को

श्री परशुराम भवन में जुटेंगे समाजजन,मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का होगा सम्मान

कोरबा।मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, कोरबा द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट पर्व का आयोजन मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन दूरपा रोड स्थित श्री परशुराम भवन में शाम 5 बजे से शुरू होगा। समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ शरद पूर्णिमा पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि दीपावली आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का पर्व है। इसी भावना को मजबूत करने तथा समाज के सभी सदस्यों को एक-दूसरे से जोड़ने के उद्देश्य से पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में भी शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

समारोह के दौरान शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

दो चरणों में होंगे आयोजन
समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दीपावली मिलन समारोह शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक अन्नकूट प्रसाद (भोग) वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। समाजबंधुओं के लिए यह आयोजन पारिवारिक मिलन, सांस्कृतिक जुड़ाव और सामाजिक एकता का अवसर बनेगा।

आयोजन की तैयारियों में महिला मंडल की संरक्षक श्रीमती निर्मला शर्मा, अध्यक्ष श्रीमती रेणु पुजारी, सचिव श्रीमती अंजू चौमाल एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती सोनल शर्मा सहित सभी पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

समिति के संरक्षक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, अध्यक्ष कैलाश शर्मा, सचिव शशि शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा ने समाज के सभी सदस्यों और समाजबंधुओं से सपरिवार समारोह में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता से आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक समरसता का यह आयोजन और भी यादगार बनेगा।