श्रमिक हितों और संगठन की मजबूती पर एचएमएस की बैठक

वेतन, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल की सुविधाओं समेत विभिन्न मुद्दों पर हुआ मंथन

कोरबा। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक प्रियदर्शनी कला मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, श्रमिकों की समस्याओं और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष बजरंगी शाही, केंद्रीय महामंत्री नाथूलाल पाण्डेय, केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी केदारनाथ अग्रवाल सहित विभिन्न पदाधिकारी शामिल हुए। जनवरी में गठित नई कार्यकारिणी की यह पहली महत्वपूर्ण बैठक थी। इसमें संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी कार्ययोजना और आवश्यक प्रस्तावों पर सदस्यों से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान श्रमिकों के वेतन, सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा संगठन के विस्तार सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। केंद्रीय सचिव एसईसीएल बिलासपुर एवं क्षेत्रीय महामंत्री सह जेसीसी सदस्य कुसमुंडा क्षेत्र अशोक कुमार साहू ने भी श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।

केंद्रीय अध्यक्ष बजरंगी शाही ने विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्ताव सभा के समक्ष रखे और पदाधिकारियों से सुझाव लिए।

संभागीय प्रभारी केदारनाथ अग्रवाल ने संगठन की एकजुटता और अनुशासन पर जोर देते हुए श्रमिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी राय एवं मांग रखी।

बैठक के अंत में संगठन की मजबूती, श्रमिक एकता और मजदूर हितों की रक्षा के लिए उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया।

इस अवसर पर कंपनी सेफ्टी सदस्य आनंद मिश्रा, योगेंद्र मिश्रा, अरुण कुमार झा, अक्षय कुमार तिवारी, संतोष कुमार, देवांशु पाण्डेय सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।