किसान चौपाल पहुंचकर कलेक्टर ने जानी योजनाओं की प्रगति

एग्रीस्टेक में शत-प्रतिशत पंजीयन और फसल बीमा से किसानों को जोड़ने के निर्देश

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के विभिन्न संस्थानों के निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत तानाखार के ग्राम मांझीपारा में कृषि विभाग द्वारा आयोजित किसान चौपाल का अवलोकन किया। उन्होंने चौपाल के संचालन, किसानों के पंजीयन और कृषि विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

कलेक्टर ने कृषि अधिकारियों को एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब तक पंजीयन से वंचित किसानों को चिन्हांकित कर डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अधिक से अधिक किसानों को शामिल करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को किसानों को योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें फसल बीमा के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि किसान चौपाल केवल पंजीयन तक सीमित न रहे, बल्कि कृषि विभाग की सभी किसान हितैषी योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बने। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने तथा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रियता से कार्य करने कहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा सहित कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।