मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर नस्तीबद्ध मर्ग डायरी दोबारा खोली गई, बेटे के बयान पर कार्रवाई
कोरबा। पांच साल पहले सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने दोबारा जांच शुरू करते हुए एफआईआर दर्ज की है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश के बाद नस्तीबद्ध मर्ग डायरी को फिर से खोला गया। मृतक के पुत्र के पूरक बयान के आधार पर पुलिस ने सुरक्षा संबंधी लापरवाही को लेकर मामला दर्ज किया है।
मामला लेमरू थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मर्ग क्रमांक 20/2021 में छन्दू किस्पोट्टा की मौत की जांच की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को दुर्घटनात्मक बताया गया था, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग को नस्तीबद्ध कर दिया था।
बाद में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट, कोरबा से अनुमति लेकर मर्ग डायरी दोबारा खोली गई। जांच के दौरान मृतक के पुत्र राजकुमार किस्पोट्टा का पूरक बयान दर्ज किया गया।
राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त 2021 को कुटुरूवा निवासी जोसेफ तिग्गा ने अपने घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का सेंट्रिंग प्लेट हटाने के लिए उसके पिता सहित अन्य लोगों को बुलाया था। आरोप है कि बिना मास्क, सुरक्षा उपकरण और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम के मृतक को सेप्टिक टैंक में उतारा गया। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से वह बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई।
दोबारा की गई जांच में सुरक्षा उपायों में लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने जोसेफ तिग्गा के खिलाफ धारा 304-ए आईपीसी के तहत अपराध क्रमांक 28/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
