डीएवी एसईसीएल में छात्र परिषद का गठन,नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

चंद्रशेखर महंत बने शाला नायक, श्रिया रात्रे को शाला नायिका की जिम्मेदारी

कोरबा। डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कोरबा में सत्र 2026-27 के लिए नव-निर्वाचित छात्र परिषद का अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक एवं डीएवी स्थानीय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष केपी सिंह रहे। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. श्रीमती चेतना शर्मा एवं वरिष्ठ शिक्षकों ने वैदिक परंपरा के अनुसार स्वस्तिवाचन और तिलक के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा ने छात्र परिषद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ दूसरों का मार्गदर्शन करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि एवं प्राचार्या ने छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश प्रदान किए।

चंद्रशेखर महंत को शाला नायक और श्रिया रात्रे को शाला नायिका बनाया गया। ईशान बनर्जी उप शाला नायक और अदिति नामदेव उप शाला नायिका चुनी गईं। चेतन गुप्ता को खेल नायक तथा त्रिशिका पुरी को खेल नायिका की जिम्मेदारी दी गई।

आर्यन यादव को छात्र अनुशासन प्रभारी, अश्लेषा सिंह राजपूत को छात्रा अनुशासन प्रभारी, निरुपम घोष को छात्र सांस्कृतिक सचिव तथा प्रतिष्ठा देवनाथ को छात्रा सांस्कृतिक सचिव बनाया गया।

सदन प्रभारी के रूप में अथर्ववेद सदन में मृदुल चौधरी व अनुष्का सिंह, ऋग्वेद सदन में शुभ अग्रवाल व मनु सिंह, यजुर्वेद सदन में सागर पटेल व निकिता शर्मा तथा सामवेद सदन में तनिश गौतम व तनशीत कौर को जिम्मेदारी सौंपी गई।

मुख्य अतिथि केपी सिंह ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और नेतृत्व का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आचरण और कार्यों से अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनने तथा विद्यालय की गरिमा और परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन टी. मेरी नरसिंहम एवं सूरज प्रसाद गुप्ता ने किया। खेल शिक्षिका नल्ला विजयलक्ष्मी ने आभार व्यक्त किया। समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का योगदान रहा।