सीतामणी में दिनदहाड़े चाकूबाजी, दो सगे भाइयों पर हमला

घर के सामने गिट्टी रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद, बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे भाई को भी चाकू से किया घायल; अस्पताल में उपचार जारी

कोरबा। शहर के सीतामणी क्षेत्र में घर के सामने गिट्टी रखे होने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। कहासुनी के बाद हुई मारपीट और चाकूबाजी में दो सगे भाई रमेश साहू और विकास साहू घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए शिवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार,रमेश साहू के घर के सामने गिट्टी रखी हुई थी। इसी बात को लेकर उनका एक युवक से विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान युवक द्वारा रमेश साहू पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

भाई पर हमला होते देख विकास साहू बीच-बचाव करने और विवाद शांत कराने पहुंचे। आरोप है कि हमलावर ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों भाइयों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी चर्चा

घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा भी सामने आई है कि कथित आरोपी के विरुद्ध पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।

हालांकि, उसके आपराधिक रिकॉर्ड और चाकूबाजी की घटना में उसकी भूमिका की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल दोनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।