रिसदी रोड पर बाइक और स्कूटी में जोरदार भिड़ंत, पांच युवक घायल

तीन युवक बाइक और दो स्कूटी पर थे सवार, दो की हालत गंभीर;दुर्घटनाग्रस्त बाइक के चोरी की होने की आशंका

कोरबा। शहर के मानिकपुर चौकी अंतर्गत रिसदी रोड पर बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों पर सवार पांच युवक घायल हो गए। हादसे में दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही 112 की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बाइक पर तीन युवक और स्कूटी पर दो युवक सवार थे। रिसदी रोड पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार सभी पांच युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पहुंची 112 की टीम ने पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

दुर्घटनाग्रस्त बाइक के चोरी की आशंका
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक काफी तेज गति से चलाई जा रही थी। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक के चोरी की होने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके स्वामित्व और अन्य जानकारियां खंगाल रही है।

फिलहाल मानिकपुर चौकी पुलिस दुर्घटना के कारणों और बाइक से जुड़े संदेह की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।