कोरबा। एनटीपीसी कोरबा की नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत आयोजित जूनियर बालक अंतर जिला राज्य फुटबॉल चैंपियनशिप में डीएफए नारायणपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में नारायणपुर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए डीएफए बालोद को 8-0 से करारी शिकस्त दी।
30 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों की 8 जिला फुटबॉल संघों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में नारायणपुर के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम के शानदार तालमेल, रणनीतिक अनुशासन और आक्रमण ने बालोद की टीम को कोई मौका नहीं दिया।
30 खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ये खिलाड़ी 4 से 25 अगस्त तक आयोजित 21 दिवसीय आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रहे हैं। शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को तकनीकी, रणनीतिक और शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। एनटीपीसी कोरबा की सीएसआर पहल के माध्यम से आयोजित यह आयोजन ग्रामीण एवं उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
आयोजकों का कहना है कि सही समय पर प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण व मार्गदर्शन मिलने से प्रदेश के युवा खिलाड़ी आगे बढ़ सकते हैं। एनटीपीसी कोरबा द्वारा युवा फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से खिलाड़ियों में खेल भावना के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हो रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
