एटक ने एसईसीएल प्रबंधन से स्वीकृत पद बढ़ाने और लंबित पदोन्नति जल्द देने की मांग की
कोरबा।माइनिंग सरदार से ओवरमेन संवर्ग में पदोन्नति व्यवस्था में विसंगति का आरोप लगाते हुए संयुक्त कोयला मजदूर संघ एटक, एसईसीएल बिलासपुर ने प्रबंधन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है। संघ के महासचिव अजय विश्वकर्मा ने एसईसीएल के आला अधिकारियों को पत्र भेजकर सभी क्षेत्रों में ओवरमेन ग्रेड-बी के स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
संघ का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण डीजीएमएस का ओवरमेन सर्टिफिकेट प्राप्त कर चुके पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है। ओवरमेन ग्रेड-बी के सीमित स्वीकृत पदों के कारण कई कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
अजय विश्वकर्मा ने कहा कि पदोन्नति में देरी से कर्मचारियों के कैरियर पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। पात्रता पूरी करने के बावजूद स्वीकृत पदों की कमी के कारण कर्मचारी पदोन्नति से वंचित हैं।
एटक ने प्रबंधन से पदोन्नति नीति की समीक्षा कर न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने, ओवरमेन ग्रेड-बी के स्वीकृत पद बढ़ाने तथा लंबे समय से प्रतीक्षारत पात्र कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति देने की मांग की है। संघ ने कहा कि कर्मचारियों के हित में इस विसंगति का जल्द निराकरण किया जाना आवश्यक है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
