नई दिल्ली। नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताओं और पिछले कई दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
अपने इस्तीफा पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि वह पिछले चार दशकों से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहे हैं तथा हमेशा एक मजबूत और समावेशी शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला मानते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं और भावनाओं का वह गहरा सम्मान करते हैं।
उन्होंने बताया कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितता सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल जांच सीबीआई को सौंपी, परीक्षा रद्द की और दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। साथ ही अगले वर्ष से परीक्षा को कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में कराने का निर्णय भी लिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता 20 लाख से अधिक विद्यार्थियों की परीक्षा निष्पक्ष और सुचारू रूप से कराना थी। इसके लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन तथा अभिभावकों के सहयोग से 21 जून 2026 को पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
उन्होंने लिखा कि 16 जुलाई को घोषित परिणाम संतोषजनक रहे, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने छात्रों को भ्रमित करने का प्रयास किया, जिससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा। पिछले 10 दिनों की घटनाओं को देखते हुए उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि देश की युवा शक्ति भ्रम का शिकार बने या राष्ट्रविरोधी ताकतें मौजूदा स्थिति का लाभ उठाएं।
धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पत्र में कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी प्रकार की कानूनी या राजनीतिक पेचीदगियों में न फंसे और वे अपना पूरा ध्यान पढ़ाई व करियर पर केंद्रित कर सकें, इसी भावना से उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मंत्रिपरिषद के सहयोगियों, मंत्रालय के अधिकारियों तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और भविष्य में भी वह देश, ओडिशा तथा युवाओं की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

