KORBA BREAKING: खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया की कार्बन फैक्ट्री में भीषण आग, काले धुएं से दहला इलाका

आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखीं, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर; कारणों की जांच शुरू

कोरबा। शहर के खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने के कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की कई गाड़ियों ने युद्धस्तर पर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग के दौरान लगातार फायर ब्रिगेड और पुलिस के सायरन गूंजते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट अथवा फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील सामग्री में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी।

राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक किसी जनहानि की आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।