साउथ बिहार एक्सप्रेस को राउरकेला में शॉर्ट टर्मिनेट किए जाने पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जताई नाराजगी, GM-DRM को लिखा पत्र

कोरबा। ट्रेन संख्या 13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस को 30 जुलाई 2026 को दुर्ग के बजाय राउरकेला स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किए जाने के रेलवे के निर्णय पर कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने रेलवे के महाप्रबंधक (GM) और मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र लिखकर यात्रियों के हित में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि सावन माह के दौरान छत्तीसगढ़ के हजारों श्रद्धालुओं ने देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा के लिए लगभग दो माह पहले ही रेल आरक्षण कराया था। इनमें से कई श्रद्धालु यात्रा पर निकल भी चुके हैं। ऐसे समय में ट्रेन को बीच रास्ते में राउरकेला तक सीमित कर देना यात्रियों के लिए गंभीर असुविधा का कारण बनेगा।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को इस निर्णय से मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। धार्मिक आस्था से जुड़ी यात्रा के बीच अचानक किए गए इस बदलाव से यात्रियों में असमंजस और चिंता का माहौल है।

सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल प्रशासन से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा और उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि रेलवे को यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।