जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गोकुल नगर में गूंजे ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारे

कोरबा।गोकुल नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा (वापसी रथयात्रा) श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। शाम 4 बजे अस्थायी मौसी के घर (एमआईजी-30) से भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा बैंड-बाजों और “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयकारों के बीच प्रारंभ हुई।

रथयात्रा कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों, शंखध्वनि और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल हुए और भगवान के रथ को खींचकर अपनी आस्था प्रकट की।

कॉलोनी भ्रमण के बाद रथयात्रा श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष डी.के. सक्सेना ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा प्रतिवर्ष परंपरागत रूप से आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी कॉलोनीवासियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बहुड़ा यात्रा के दौरान पूरा गोकुल नगर क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया तथा श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।