11 स्थायी वारंटी सहित फरार अपराधियों पर शिकंजा, नववर्ष पूर्व शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने अभियान जारी
कोरबा। कोरबा पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और फरार आरोपियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शांति” के तहत दूसरे दिन भी बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 43 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 11 स्थायी वारंटी शामिल हैं। इस तरह दो दिनों में कुल 94 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
ये सभी आरोपी अदालत द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस की टीमों ने सतत निगरानी और योजनाबद्ध दबिश के जरिए इनकी धरपकड़ की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आज की कार्रवाई में थाना कोतवाली और कुसमुंडा ने सबसे अधिक 5-5 वारंट तामील किए, जबकि सिविल लाइंस थाने ने 4 वारंट पूरे किए। स्थायी वारंटों में कुसमुंडा थाने ने 4 और उरगा थाने ने 3 की तामील की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य जिले में शांति कायम रखना और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नागरिकों से अपील: पुलिस ने आमजन से फरार वारंटियों की गोपनीय सूचना देने, नशे में ड्राइविंग न करने, ओवरस्पीडिंग से बचने, स्टंटबाजी न करने, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत करने और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी डायल 112 पर देने की अपील की है। नववर्ष को शांति और सौहार्द से मनाने का आग्रह किया गया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह जिले के नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
