शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान, सड़क पर गंदगी और बदबू से लोग बेहाल
कोरबा। दीपका से पाली जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम झाबर में नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा पानी बारिश का नहीं, बल्कि घरों और दुकानों से निकलने वाला गंदा पानी है, जो समुचित नाली और ड्रेनेज व्यवस्था के अभाव में सीधे मुख्य मार्ग पर बह रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों और दुकानों से निकलने वाला पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही है। सड़क पर लगातार गंदा पानी बहने से लोगों को बदबू और गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने समस्या के निराकरण के लिए कलेक्टर को पत्र लिखकर शिकायत भी की थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने वीडियो के माध्यम से भी सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या को सामने लाया है। उनका कहना है कि सड़क पर जमा पानी बरसात का नहीं, बल्कि घरों और दुकानों से निकलने वाला नाली का पानी है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से जल्द नाली एवं ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त कराकर गंदे पानी की निकासी का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
