ठेकेदारों के दबाव के बाद जल जीवन मिशन के बकाया भुगतान ने पकड़ी गति

स्थानीय से राजधानी तक प्रदर्शन का दिखा असर, महीनों से अटकी भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ने से राहत की उम्मीद

कोरबा। जल जीवन मिशन के तहत जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में काम करने वाले ठेकेदार लंबे समय से भुगतान संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। करोड़ों रुपये के संसाधन लगाकर योजना के कार्यों को पूरा करने के बाद भी भुगतान में देरी ने उनकी आर्थिक मुश्किलें बढ़ा दी थीं। अब बकाया भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आने से ठेकेदारों ने राहत की उम्मीद जताई है। स्थानीय स्तर से लेकर राजधानी तक किए गए प्रदर्शन और लगातार दबाव के बाद भुगतान संबंधी फाइलों के आगे बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ है।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत कोरबा जिले में भी व्यापक स्तर पर काम कराए गए हैं। योजना के तहत घर-घर स्वच्छ और शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से पानी टंकियों का निर्माण, सम्पवेल तैयार करने, पाइपलाइन बिछाने और घरेलू कनेक्शन पहुंचाने सहित विभिन्न कार्य किए गए। ठेकेदारों ने अपने स्तर पर संसाधनों और पूंजी की व्यवस्था कर कार्यों को पूरा किया। कार्यों के सत्यापन और अंतिम रिपोर्ट तैयार करने के बाद विभाग को देयक भी प्रस्तुत किए गए, लेकिन भुगतान की प्रक्रिया में विभिन्न अड़चनें आने से लंबे समय तक राशि लंबित रही।

भुगतान में देरी का असर ठेकेदारों की आर्थिक स्थिति पर पड़ा। मजदूरों की मजदूरी चुकाने, सामग्री आपूर्तिकर्ताओं की देनदारियां निपटाने और अन्य वित्तीय दायित्वों को पूरा करने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बाद ठेकेदारों ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएं उठाईं। स्थानीय स्तर पर आवाज बुलंद करने के साथ राजधानी में भी प्रदर्शन कर बकाया भुगतान की मांग की गई।

ठेकेदारों के अनुसार, कई महीनों तक भुगतान के लिए प्रयास करने के बाद अब विभागीय स्तर पर फाइलों को आगे बढ़ाया गया है। प्रदर्शन और लगातार आग्रह के बाद विभागीय मंत्री तथा अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भुगतान के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रक्रिया में गति आई है। ठेकेदारों का कहना है कि भुगतान शुरू होने से उनकी आर्थिक परेशानियां कुछ हद तक कम हो सकेंगी।

हालांकि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की ओर से जिले में लंबित भुगतान की आधिकारिक राशि सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन ठेकेदारों के मुताबिक कोरबा जिले में ही बकाया राशि सैकड़ों करोड़ रुपये तक होने की बात सामने आ रही है। प्रदेश स्तर पर जल जीवन मिशन के ठेकेदारों का बकाया चार हजार करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

भुगतान को लेकर लंबे संघर्ष के बाद प्रक्रिया में आई तेजी से ठेकेदारों को राहत की उम्मीद है। वहीं,इस पूरे घटनाक्रम ने ठेकेदारों को भविष्य में योजनाओं के तहत काम करते समय भुगतान की प्रक्रिया और वित्तीय जोखिमों को लेकर सतर्क रहने का सबक भी दिया है।